पाली जिला न्यायालय परिसर में नववर्ष 2026 के अवसर पर न्यायिक अधिकारियों और अधिवक्ताओं की सहभागिता में बार बेंच स्नेहमिलन हुआ। इस दौरान जिला एवं सेशन न्यायाधीश ने बार और बेंच के आपसी तालमेल को न्यायिक व्यवस्था के लिए आवश्यक बताया और अधिवक्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। बार बेंच संबंधों को बताया अनुकरणीय जिला एवं सेशन न्यायाधीश राजेन्द्र कुमार ने कहा कि पाली में अधिवक्ताओं और न्यायिक अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय बना हुआ है। यह तालमेल न्यायिक कार्यप्रणाली को मजबूत करता है और आमजन को समय पर न्याय दिलाने में सहायक है। उन्होंने पाली के बार बेंच संबंधों को न्यायिक इतिहास में अनुकरण योग्य बताया। बार एसोसिएशन पाली की भूमिका बार एसोसिएशन पाली की ओर से आयोजित स्नेहमिलन में अभिभाषक मंडल के सचिव मुकुल सोनी ने जानकारी दी कि कार्यक्रम अध्यक्ष पी.एम. जोशी की अध्यक्षता में हुआ, जिसमें जिला एवं सेशन न्यायाधीश मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अधिवक्ताओं को न्यायालय का अहम हिस्सा बताया बार एसोसिएशन अध्यक्ष पी.एम. जोशी ने कहा कि न्यायिक अधिकारी न्याय वितरण प्रणाली की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और अधिवक्ता इस व्यवस्था की धुरी हैं। उन्होंने अधिवक्ताओं को न्यायालय के अधिकारी बताते हुए उनकी भूमिका को सम्माननीय बताया। साथ ही न्यायालय में नियमित उपस्थिति और सुनवाई के दौरान पूर्ण अवसर देने पर जोर दिया। ई मेल आईडी का विमोचन इस अवसर पर अध्यक्ष पी.एम. जोशी और जिला एवं सेशन न्यायाधीश राजेन्द्र कुमार ने बार एसोसिएशन की अधिकृत ई मेल आईडी का विमोचन किया। इसका उद्देश्य अधिवक्ताओं के बीच डिजिटल माध्यम से त्वरित और आधिकारिक सूचनाओं का आदान प्रदान करना बताया गया। न्यायिक अधिकारी और अधिवक्ता रहे मौजूद कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारी जगदीश जाणी, निहानचंद, राकेश गौरा, विक्रम सिंह भाटी, ऋचा चौधरी सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं वरिष्ठ एडवोकेट पारसमल जैन, कलेमश दवेरा, शंकरलाल गहलोत, हरीराम नेहरा, रजत व्यास, मदनलाल सोनी सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन योगेन्द्र ओझा ने किया।


