भगवान शिव की उपासना के पर्व महाशिवरात्रि पर बुधवार को शहर के शिव मंदिरों में सुबह से भक्तों का रैला नजर आया। मंदिरों में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लम्बी कतारें देखने को मिली तो कई मंदिरों में शिवपुराण, कालसर्प योग को लेकर अनुष्ठान किए जा रहे थे। भगवान भोलेनाथ का दूधाभिषेक कर श्रद्धालु परिवार की खुशहाली की कामना करते नजर आए। शहर सहित जिले भर के शिव मंदिरों में ऐसा ही नजारा देखने को मिला। पाली शहर के प्राचीन सोमनाथ महादेव मंदिर में सुबह के समय स्थिति यह थी कि मंदिर से बाह तक गली में श्रद्धालुओं की लम्बी कतार देखने को मिली। यहां भगवान सोमनाथ के दर्शन कर श्रद्धालुओं ने खुशहाली की कामना की। यातायात व्यवस्था न बिगड़े इसलिए पुलिस के जवान भी यहां तैनात नजर आए। शहर के लाखोटिया महादेव मंदिर, नहर पुलिया अटलेश्वर महादेव मंदिर, पंचमुखी महादेव मंदिर, पातालेश्वर महादेव मंदिर, अचलेश्वर महादेव मंदिर, प्रशासन पछाड़ महादेव मंदिर, नंदेश्वर महादेव मंदिर सहित जिले के निम्बोका नाथ महादेव, परशुराम महादेव, धारेश्वर महादेव मंदिर, परशुराम महादेव मंदिर, जाडन स्थित ओम आश्रम सहित अन्य शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की कतार रही। कई मंदिरों में श्रद्धालु महारुद्राभिषेक पाठ, महामृत्युंजय जाप करते नजर आए। सोमनाथ महादेव का फूलों से किया विशेष शृंगार
पाली शहर के सोमनाथ महादेव मंदिर में भगवान भोलेनाथ का 201 किलो फूलों से विशेष शृंगार किया गया। महाशिवरात्रि को लेकर पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक रूप से सजाया गया। लाखोटिया महादेव मंदिर में भी आकर्षक सजावट देखने को मिली। दोनों ही मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की कतार रही। दर्शन करने वाले भक्तों में यहां प्रसाद भी बांटा गया।


