पाली शहर के पेंशनर समाज भवन में मंगलवार को राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस पर जिलास्तरीय प्रोग्राम आयोजित हुआ। जिला रसद अधिकारी डॉ. पूजा सक्सेना ने बताया कि भारत सरकार द्वारा इस वर्ष की थीम ‘वर्चुअल हीयरिंग एंड डिजिटल एक्सेस टू कंज्यूमर जस्टिस’ निर्धारित की गई। प्रोग्राम में बताया कि तकनीकी युग में तेजी से बदलाव के साथ उपभोक्ता व्यवहार ‘‘प्रतिमान’’ भी बदल रहे है, ऑनलाइन ट्रेडिंग और ई-कॉमर्स में कानूनी, सामाजिक, सांस्कृतिक पहलुओं की व्याख्या की गई। इसके अतिरिक्त उपभोक्ता संरक्षण का अधिकार, सूचना का अधिकार, सुनिश्चितता का अधिकार, सुने जाने का अधिकार, अनुचित व्यापार व्यवहार अथवा उपभोक्ताओं के बेईमानी शोषण के विरूद्ध प्रतितोष प्राप्त करने का अधिकार, उपभोक्ता जागरूकता का अधिकार, वैद्यता अवधि की जांच करने वस्तु क्रय करने, ई-कॉमर्स एवं डिजिटल व्यापार में पूर्ण सावधानी बरतने, डिजिटल मार्केटिंग में कम्पनी का पूर्ण पता करके सामग्री खरीदने, घटिया क्वालिटी से संक्रमित हो रहे उपभोक्ताओं को बचने, ऑनलाइन भ्रमित विज्ञापन, ऑनलाइन पासवर्ड, अनाधिकृत वेबसाइट से बचने के संबंध में जानकारी उपलब्ध कराई गई। इसके अतिरिक्त 18 से 24 दिसम्बर तक उपभोक्ता सप्ताह के तहत कार्यक्रम आयोजित कर विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए गए। इस कार्यक्रम में गजेन्द्रसिंह राजपुरोहित अधिवक्ता, पाली जिला जनचेतना समिति के अध्यक्ष डॉ. केएम शर्मा, विधिक सेवा मित्र मांगीलाल तंवर, जागरूक उपभोक्ता नरेश शर्मा, प्रवर्तन अधिकारी कमल कुमार पंवार, जितेन्द्र सिंह, कृष्णा कंवर भाटी, प्रवर्तन निरीक्षक ओमप्रकाश बिश्नोई, वरिष्ठ सहायक केसर सिंह, संगीता शर्मा, कनिष्ठ सहायक हेमन्त सेन तथा मोहम्मद मकसूद, पुखराज एवं अन्य कार्मिकों ने उत्साह से अपना योगदान दिया।


