पाली में 2 बंद मकानों में चोरी:कैश और जेवर चुराए, एक ही महीने में 3 चोरियां का खुलासा नहीं होने से ग्रामीण नाराज

पाली जिले के तखतगढ़ थाना क्षेत्र के पावा गांव में एक बार फिर चोरी की घटनाएं सामने आई हैं। इस बार चोरों ने गांव के दो बंद मकानों के ताले तोड़कर अंदर रखे सामान पर हाथ साफ किया। दोनों मकान मालिक बाहर रहते हैं, इसलिए चोरी गए सामान का पूरा विवरण उनके लौटने के बाद ही सामने आएगा। इससे पहले गांव में मंदिरों में भी चोरी हो चुकी है, लेकिन एक माह से अधिक समय बीतने के बावजूद किसी भी मामले का खुलासा नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है। जानकारी के अनुसार चोरों ने पावा गांव निवासी टीकमचंद पुत्र शिवलाल के मकान का ताला तोड़कर प्रवेश किया और घर में रखा सामान चुरा लिया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि चोर कितना सामान ले गए। टीकमचंद वर्तमान में महाराष्ट्र के खोपोली में निवास कर रहे हैं, जिस कारण उनका मकान लंबे समय से बंद था। मकान मालिक के गांव लौटने के बाद ही नुकसान का सही आकलन हो सकेगा। मकान से नकदी और आभूषण चोरी चोरों ने गांव में ललित कुमार पुत्र उम्मेदल ब्राह्मण के मकान को भी निशाना बनाया। ललित कुमार गुजरात के उमर गांव में रहते हैं। उन्होंने बताया कि घर में करीब 70 हजार रुपए नकद, सोने की कंठी सहित अन्य सामान रखा था। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी इसी मकान में चोरी की घटना हो चुकी है, इसके बावजूद चोरों की गतिविधियां जारी हैं। पहले भी मंदिरों में हो चुकी हैं चोरियां ग्रामीणों के अनुसार करीब एक माह पूर्व पावा गांव में 6 से 7 मंदिरों में चोरी की घटनाएं हुई थीं। इनमें सती माता मंदिर से लगभग 6 लाख रुपए की चोरी बताई गई थी। इन मामलों में भी अब तक पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पाई है। पुलिस गश्त पर उठे सवाल, ग्रामीणों में नाराजगी लगातार हो रही चोरी की घटनाओं और मामलों का खुलासा नहीं होने से ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों ने पुलिस की रात्रि गश्त व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा सभी चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने की मांग की है। – Video – अरविंद जोशी, सुमेरपुर

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *