उदयपुर की हिरण मगरी थाना पुलिस ने शहर में दिन-दहाड़े पावर बाइक से चेन स्नेचिंग करने वाली गैंग के 6 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इन्हें बड़ी ज्वेलर्स की दुकान में डकैती की योजना बनाते हुए गिरफ्तार किया। साथ ही एक नाबालिग को डिटेन किया है। एसपी योगेश गोयल ने बताया कि इनमें आरोपी भैरूलाल मीणा निवासी छोटी उंदरी पूर्व में एटीएम स्ट्रांग रूम तोड़ने के प्रयास में वांछित था। इसके खिलाफ 6 मामले दर्ज हैं। आरोपी गोविंद पिता कालूलाल के खिलाफ लूट, आर्म्स एक्ट आदि के 11 मामले और आरोपी सुनील सिंह पिता बहादुर सिंह के खिलाफ 6 मामले दर्ज हैं। इसी तरह आरोपी जितेन्द्र मीणा पिता शिवाजी के खिलाफ 9 मामले और आरोपी सुनील मीणा पिता बद्रीलाल के खिलाफ 2 मामले पूर्व में दर्ज हैं। खुलासे में हैड कांस्टेबल राजेन्द्र सिंह, भगवतीलाल और कांस्टेबल राजकुमार जाखड़ की विशेष भूमिका रही। एसपी ने हिरणमगरी थाना जाब्ते की गठित विशेष ‘टार्गेट’ टीम बनाई
एसपी गोयल ने बताया कि शहर में लगातार स्कूटी सवार व पैदल चलने वाली महिलाओं से चैन स्नैचिंग की वारदातें सामने आने पर हिरणमगरी थाने के पुलिस जाब्ते में से विशेष टीम ‘टार्गेट’ बनाई। इसमें हैड कांस्टेबल भगवतीलाल, राजेन्द्र सिंह, कांस्टेबल राजकुमार जाखड़, नंदकिशोर, किरेन्द्र, हेमेन्द्र आदि थे। सादे ड्रेस में पावर बाइक लेकर चैन छीनने की संभावित स्थानों पर निगरानी की। अलग-अलग क्षेत्र में घटना स्थल के आसपास सीसीटीवी फुटेज चेक किए और 100 से ज्यादा केटीएम बाइक सवार युवकों को डिटेन कर पूछताछ की। नवरात्र में मंदिर-मेलों में जाकर छिप जाते आरोपी
थानाधिकारी भरत योगी ने बताया कि घटनाओं में आरोपियों का पेशेवर तरीका सामने आया। वारदात कर नवरात्र में माताजी के मंदिरों में जाकर छिप जाते। टीम ने आरोपियों का पीछा किया। शातिर होने से बार-बार अपनी बाइक बदलते और कपड़े व हुलिया भी बदल लेते थे। मेले-मंदिरों में भीड़भाड़ में छिप जाते। तभी पुलिस को पीछा करते हुए एक टूटी नंबर प्लेट वाली केटीएम बाइक का पता सुराग लगा। जिसके बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंची।


