अलवर जिले के कठूमर थाना क्षेत्र के गांव बिंजला के पास मंगलवार दोपहर करीब 3:30 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रैक्टर पलटने से उसमें सवार दादा और पोते की गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार, मृतक तेजपाल सिंह (60) अपने 6 वर्षीय पोते अभिषेक के साथ ट्रैक्टर में वेल्डिंग का काम करवाकर टिटपुरी से गांव लौट रहे थे। गांव बिंजला के पास पहुंचते ही अचानक ट्रैक्टर की पावर स्टीयरिंग फेल हो गई, जिससे ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया और पलट गया। हादसे में दोनों के सिर में गंभीर चोट आई। राहगीरों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को अलवर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर रात करीब 9 बजे जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में रात 10 बजे डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतक के बेटे दानसिंह ने बताया कि तेजपाल सिंह खेती-बाड़ी करते थे। अभिषेक उनके छोटे भाई लोकेश का बेटा था और दूसरी कक्षा में पढ़ता था। दो भाइयों में वह छोटा था। परिजनों के अनुसार, दोनों की मौत सिर में गंभीर चोट लगने के कारण हुई है।हादसे के बाद गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


