भास्कर न्यूज़ | लुधियाना अगर चेहरे पर पिंपल्स हो गए हैं, तो स्किन केयर में की गई कुछ आम गलतियां आपकी त्वचा की हालत और बिगाड़ सकती हैं। कई बार लोग इन दानों को जल्द ठीक करने के चक्कर में जरूरत से ज्यादा क्रीम, स्क्रब या घरेलू उपाय अपनाते हैं, जिससे पिंपल्स बढ़ने लगते हैं। त्वचा विशेषज्ञों के अनुसार, पिंपल्स के समय स्किन को बेहद हल्के और साफ-सुथरे तरीके से संभालना जरूरी है। सबसे आम गलती होती है चेहरे को बार-बार हाथ लगाना या दाने फोड़ना। इससे बैक्टीरिया और बढ़ जाते हैं और स्किन पर दाग भी पड़ सकते हैं। दूसरा, कुछ लोग पिंपल्स पर ब्लीच या हेवी मेकअप लगाने लगते हैं जिससे स्किन में और जलन हो सकती है। इस समय जितना हो सके स्किन को ब्रेक दें और हल्के क्लीनर से चेहरा धोएं। कुछ लोग सोचते हैं कि ऑयली स्किन है तो उसे ड्राई करने के लिए बार-बार वॉश करना या एल्कोहल बेस्ड टोनर यूज़ करना चाहिए, जबकि ऐसा करने से स्किन अपनी नमी खो देती है और और ज्यादा ऑयल प्रोड्यूस करने लगती है। इससे पिंपल्स और भी बढ़ सकते हैं। दिन में दो बार माइल्ड फेस वॉश से चेहरा धोना ही काफी है। पिंपल्स के समय स्क्रब करना बिल्कुल नहीं चाहिए। इससे स्किन की ऊपरी लेयर में रगड़ लगती है और जलन या रेडनेस बढ़ सकती है। इसी तरह, नींबू या टूथपेस्ट जैसे घरेलू उपाय भी नुकसान पहुंचा सकते हैं, क्योंकि इनमें मौजूद एसिड त्वचा को नुकसान पहुंचाते हैं। अगर पिंपल्स बार-बार हो रहे हैं या लंबे समय तक ठीक नहीं हो रहे, तो डर्मेटोलॉजिस्ट से मिलना जरूरी है। वह आपकी स्किन टाइप देखकर सही दवा और प्रोडक्ट्स बता सकते हैं। इसके साथ ही हेल्दी डाइट, पर्याप्त नींद और पानी पीने की मात्रा भी त्वचा की स्थिति को बेहतर करने में मदद करती है।याद रखें, स्किन की देखभाल में जल्दबाजी नहीं, समझदारी जरूरी है। पिंपल्स होना आम है, लेकिन सही केयर से इसे रोका और कम किया जा सकता है।


