हनुमानगढ़ के नोहर थाना क्षेत्र के चैनपुरा गांव के पास पिकअप की टक्कर से बाइक पर सवार दो युवक गंभीर घायल हो गए। दोनों युवकों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई। दूसरे घायल की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। हादसे के बाद पिकअप ड्राइवर वाहन को मौके पर छोड़कर भाग गया। नोहर पुलिस थाने में पिकअप ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। हेड कॉन्स्टेबल प्रताप सिंह ने बताया कि बनवारी लाल (56) पुत्र लिछमण राम निवासी चैनपुरा ने मामला दर्ज कराया कि शनिवार की रात करीब सवा 8 बजे उसका लड़का नरेश कुमार (28) और पोता प्रदीप (22) बाइक लेकर गोरखाना से गांव चैनपुरा आ रहे थे। दोनों चैनपुरा के पास पहुंचे तो सामने से आ रही पिकअप का ड्राइवर वाहन को तेज गति और लापरवाही से चलाकर लाया और बाइक को टक्कर मारी। इससे नरेश और प्रदीप को गंभीर चोट लगी। पिकअप ड्राइवर वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। उसे सूचना मिली तो वह और ओमप्रकाश पुत्र जयलाल भाग कर मौके पर गए और नरेश व प्रदीप को गाड़ी के जरिए नोहर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। वहां इलाज के दौरान उसके पोते प्रदीप की मौत हो गई। नरेश को डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया। वर्तमान में नरेश सिरसा के अस्पताल में भर्ती है। पुलिस ने मृतक प्रदीप के शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। मौके से पिकअप गाड़ी जब्त कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।


