जिले के तारानगर थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर तारानगर-गोगटिया मार्ग पर एक पिकअप पलट गई। इस हादसे में पिकअप में सवार दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद चूरू के डीबी अस्पताल रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार ढाणी कुम्हारान निवासी चूकी देवी प्रजापत (45) और द्रोपती देवी पटीर (40) ढाणी कुम्हारान से गोगटिया खेत जा रही थीं। रास्ते में उन्हें एक पिकअप मिली, जो खेत की तरफ जा रही थी, जिस पर वे सवार हो गईं। तारानगर और गोगटिया के बीच पिकअप का संतुलन बिगड़ने से वह पलट गई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायल महिलाओं को निजी वाहन से तारानगर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। तारानगर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के दौरान दोनों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें चूरू के डीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल, घायल महिलाओं की हालत स्थिर बनी हुई है और उनका डीबी अस्पताल में इलाज जारी है।


