मधुपुर-मारगोमुण्डा मुख्य सड़क पर फागो के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। पिकअप वैन की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई। मृतक की पहचान मारगोमुण्डा थाना क्षेत्र के भदवा गांव निवासी 23 वर्षीय रोहित कुमार के रूप में हुई है। घटना उस समय हुई, जब रोहित अपने भाई को मधुपुर स्टेशन से लेने जा रहा था। उनका भाई दिल्ली से मधुपुर आ रहा था। फागो के पास विपरीत दिशा से आ रही पिकअप वैन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण रोहित को अनुमंडलीय अस्पताल ले गए। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना के बाद पिकअप वैन का चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।


