शिवपुरी जिले के पिछोर अनुविभाग में महुअर नदी डेम की नहर सोमवार शाम अचानक फूट गई। डेम के गेट से पानी छोड़े जाने के दौरान तेज बहाव के कारण नहर का एक हिस्सा धंस गया, जिससे आसपास के खेतों में पानी भर गया और किसानों की खड़ी फसलें जलमग्न हो गईं। जानकारी के अनुसार, वर्ष 2013 में निर्मित इस डेम से दो नहरें निकाली गई थीं। इनमें से दुल्हई साजौर गांव की ओर जाने वाली नहर का एक हिस्सा माता साजौर गांव में माता मंदिर के समीप क्षतिग्रस्त होकर फूट गया। नहर फूटने से पानी खेतों में फैल गया, जिससे भगवान सिंह और पंचम सिंह सहित कई किसानों की फसलें खराब हो गईं। किसानों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ा है। पहले से जर्जर हालत में थी नहरें
ग्रामीणों का आरोप है कि नहर लंबे समय से जर्जर हालत में थी और इसकी शिकायतें भी की गई थीं, लेकिन सिंचाई विभाग ने समय रहते ध्यान नहीं दिया। पीड़ित किसानों ने खराब हुई फसलों के लिए मुआवजे की मांग की है। सिंचाई विभाग के कार्यपालन यंत्री विनोद शर्मा ने बताया कि सोमवार शाम नहर का एक हिस्सा फूटा था। उन्होंने संबंधित ठेकेदार को तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए हैं और मंगलवार से काम शुरू करवा दिया गया है। शर्मा ने कहा कि नहर पुरानी हो चुकी है और क्षतिग्रस्त हिस्से को दो दिनों में ठीक करा दिया जाएगा।


