चूरू में पूर्व पार्षद भंवरू खां की दूसरी पुण्यतिथि पर उनके बेटे अजीज खान ने रक्तदान शिविर का आयोजन किया। शहर के वार्ड 58 में आयोजित इस शिविर में 260 से अधिक युवाओं ने दोपहर दो बजे तक रक्तदान किया। शिविर का उद्घाटन विधायक हरलाल सहारण, मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. एमएम पुकार और भाजपा जिलाध्यक्ष बसंत शर्मा ने किया। शहर के युवाओं ने इस पहल में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विधायक हरलाल सहारण ने भंवरू खां को नेक, ईमानदार और मेहनतकश इंसान बताया, जिनका जीवन मानव सेवा को समर्पित था। शिविर आयोजक अजीज खान ने भी बताया कि उनके पिता ने अपना पूरा जीवन पीड़ित मानव की सेवा में लगाया। मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. एमएम पुकार ने कहा कि पिता की पुण्यतिथि पर रक्तदान शिविर का आयोजन करना उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने अजीज खान के इस कार्य को बेटे का धर्म निभाने जैसा बताया। डीबी अस्पताल की टीम ने शिविर में रक्त संग्रह किया। विधायक सहारण ने रक्तदान करने वाले युवाओं को प्रशस्ति पत्र भेंटकर उनका उत्साह बढ़ाया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष बसंत शर्मा, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष अख्तार खान, भाजयुमो जिलाध्यक्ष मदन गोपाल बालाण और धर्मेंद्र राकसिया सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।


