पिता-पुत्र पर चाकू से हमला करने वाले दो बदमाश गिरफ्तार:आरोपियों ने पहचान छुपाने के लिए बाल कटवाए, महावीर नगर थाना पुलिस ने चंद घंटों में किया खुलासा

कोटा शहर के महावीर नगर थाना क्षेत्र में पिता-पुत्र पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने महज कुछ घंटों में दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस एसपी कोटा शहर तेजस्वनी गौतम ने बताया कि केशवपुरा इलाके में हुई इस वारदात को देखते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए थे। घटना 14 दिसंबर 2025 की रात करीब 10:30 बजे की है। केशवपुरा सेक्टर-4 निवासी फरियादी रामदयाल पारेता अपने मकान के बाहर बैठे थे। इसी दौरान रेहान नामक युवक अपने साथियों के साथ गाली-गलौच कर रहा था। मना करने पर आरोपियों ने रामदयाल पर चाकू से हमला किया, जिससे उनके हाथ की अंगुली में चोट आई। शोर सुनकर उनका बेटा आकाश बीच-बचाव करने आया तो आरोपियों ने उस पर भी चाकू से वार किया, जिससे उसकी पीठ में चोट आई। हमलावर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। मामले में थाना महावीर नगर में मुकदमा दर्ज कर विशेष टीम गठित की गई। एडिशनल एसपी दिलीप कुमार सैनी के निर्देशन और डीएसपी मनीष शर्मा के सुपरविजन में थानाधिकारी भूपेन्द्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने लगातार दबिशें दीं। सूचना के आधार पर हरिओम नगर नाले के पास घेराबंदी कर मुख्य आरोपी रेहान खान और राहुल यादव उर्फ बॉडी को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों ने पहचान छुपाने के लिए अपने सिर के बाल तक कटवा लिए थे। भागने के प्रयास में दोनों को चोटें आईं, जिनका मेडिकल कॉलेज कोटा में उपचार कराया गया। दोनों आरोपी सक्रिय अपराधी हैं। पूछताछ जारी है, अन्य साथियों और वारदात में प्रयुक्त चाकू की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *