डूंगरपुर के रामसागड़ा थाना क्षेत्र में पिता-पुत्र से मारपीट और लूटपाट के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पिता-पुत्र थाने से शिकायत दर्ज कराकर घर लौट रहे थे। रामसागड़ा थानाधिकारी गोपालनाथ ने बताया कि घटना 23 अक्टूबर 2024 की है। पीड़ित घनश्याम नायक माडा गांव का निवासी है। वह जब खेतों की ओर बाइक से जा रहा था, तब गांव का ही मनीष लबाना कार से आया और उसके साथ झगड़ा करने लगा। घनश्याम ने इस मामले की शिकायत थाने में दर्ज कराई। जब घनश्याम अपने पिता के साथ थाने से घर लौट रहा था। तब मनीष लबाना अपने दो साथियों रमेश लबाना और दिलीप लबाना के साथ कार में पीछा करते हुए आया। आरोपियों ने कार से ओवरटेक कर उन्हें रोका और मारपीट शुरू कर दी। इतना ही नहीं आरोपियों ने पीड़ित का मोबाइल फोन भी छीन लिया और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला में मनीष लबाना, रमेश लबाना और दिलीप लबाना को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।


