जांजगीर| जिला मुख्यालय से होकर पिसौद, जर्वे, पीथमपुर जाने वाली मुख्य सड़कों की हालत पिछले कई सालों से बेहद खराब हो चुकी है। सड़क के बीच-बीच में बड़े गड्ढे हो गए हैं। वार्डों से निकलने वाला घर का पानी इन गड्ढों में भर जाता है, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों का कहना है कि रोज इसी रास्ते से गुजरना पड़ता है। सबसे ज्यादा बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को दिक्कत होती है। कई बार बच्चे स्कूल जाते समय पानी से भरे गड्ढों में फिसलकर गिर जाते हैं, जिससे उनकी ड्रेस खराब हो जाती है और वे घायल भी हो जाते हैं। कार और स्कूटी सवार लोग भी परेशान हैं। इसके बावजूद मरम्मत के लिए अधिकारियों द्वारा ध्यान नहीं दिया जा रहा है। – राज सूर्यवंशी


