लुधियाना| सीएम भगवंत मान द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर पर नशा तस्करों के खिलाफ शिकायत करना धर्मपुरा के एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि देर रात बदमाश पिस्टल और डंडे लेकर उसके घर के बाहर पहुंचे और जमकर हुल्लड़बाजी की। उस समय युवक की मां घर में अकेली थी। धर्मपुरा निवासी दीपक कुमार ने बताया कि कॉलोनी की गली नंबर-1 में लंबे समय से चिट्टा बिक रहा है। कई बार थाने में शिकायत देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत कर दी। दीपक के अनुसार, शिकायत की भनक लगते ही नशा तस्कर उसे जान से मारने की धमकी देने लगे। बीती रात करीब 2 बजे बदमाश उसके घर के बाहर पहुंचे। हाथों में पिस्टल और अन्य हथियार लिए बदमाशों का वीडियो इलाके के सीसीटीवी में कैद हुआ है। कपड़ों का कारोबार करने वाले दीपक ने बताया कि अब घर में रहना मुश्किल हो गया है और परिवार के साथ बाहर निकलने में भी डर लग रहा है। बदमाश धमकी देकर गए हैं कि जहां भी नजर आया, गोली मार देंगे। दीपक ने कहा कि वह इस मामले की शिकायत अब पुलिस में दर्ज करवाएगा।


