पीएम आवास और स्वनिधि योजना की प्रगति जानी:जिला कलेक्टर ने ली समीक्षा बैठक, लंबित आवेदनों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश

जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा ने गुरुवार को प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) और स्वनिधि योजना की प्रगति की समीक्षा बैठक ली। बैठक में नगरपालिकावार आवास निर्माण की वर्तमान प्रगति का जायजा लिया गया और लंबित आवेदनों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। जिला कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना के दूसरे चरण के तहत प्राप्त कुल आवेदनों की संख्या की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को लंबित आवेदनों के निस्तारण की गति बढ़ाने के निर्देश दिए। गोदारा ने कहा कि स्वीकृति योग्य आवेदनों को तुरंत स्वीकृत कर आवेदकों को लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन लाभार्थियों को पहली किस्त जारी की जा चुकी है, उनके द्वारा निर्माण कार्य शुरू करने पर विभागीय नियमानुसार दूसरी किस्त जारी की जाए। बैठक में स्वनिधि योजना के निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने पर विशेष जोर दिया गया। जिला कलेक्टर ने संबंधित बैंकों के साथ आपसी समन्वय बनाकर अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को योजना का लाभ दिलाने को सुनिश्चित करने को कहा। यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया कि योजना में प्राप्त आवेदनों को नियमित रूप से पोर्टल पर अपलोड किया जाए। इस समीक्षा बैठक में नगर परिषद आयुक्त धर्मेन्द्र मीणा, एलडीएम राजीव गुप्ता सहित विभिन्न नगरपालिकाओं के अधिशाषी अधिकारी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *