पीएम आवास के निर्माण कार्यों में लाएं तेजी: जैन

भास्कर न्यूज | सुकमा जनपद पंचायत कोंटा और छिंदगढ़ के सभाकक्ष में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की प्रगति के संबंध में जिला पंचायत सीईओ नम्रता जैन की अध्यक्षता में शुक्रवार को समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जिपं सीईओ ने माओवाद प्रभावित क्षेत्रों में योजनाओं के सुचारू क्रियान्वयन के लिए रणनीतियां तैयार करने और स्थाई विकास के लक्ष्य को पूरा करने पर जोर दिया। नम्रता जैन ने सभी अधिकारियों को योजनाओं के लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने में तत्परता दिखाने के निर्देश दिए। बैठक में माओवाद पीड़ित व आत्मसमर्पित माओवादियों की आवास सर्वे रिपोर्ट की विस्तार से समीक्षा की गई। उन्होंने शीघ्र लंबित दस्तावेजों को उपलब्ध करा निराकृत करने के निर्देश दिए, जिससे पात्र हितग्राही सही समय में शासन की योजनाओं से लाभान्वित हो सकें। सीईओ ने नियद नेल्लानार योजना के तहत आवास से संबंधित शेष दस्तावेजों को जमा करने और योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में पीएम आवास निर्माण में काम की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई। बैठक के दौरान अप्रारंभ कामों को शीघ्र प्रारंभ करने, अपूर्ण कामों को शीघ्र पूरा करने और पूर्ण कामों में पूर्णता प्रमाण पत्र लगाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को विष्णु की पाती और अन्य प्रचार सामग्री का वितरण किया। बैठक में पीएम आवास के नोडल अधिकारी, सर्व पंचायत सचिव और आवास मित्र मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *