पीएम फसल बीमा: 13 दिन देरी से खुला पोर्टल, पंजीयन 31 तक

भास्कर न्यूज | बालोद आखिरकार 13 दिन की देरी के बाद खरीफ वर्ष 2025-26 में पीएम फसल बीमा योजना अंतर्गत पीएमएफबीवाई पोर्टल खुल चुका है। जिसकी पुष्टि मंगलवार को कृषि विभाग के उप संचालक आशीष चंद्राकर ने की है। योजना के तहत अमूमन एक जुलाई को पोर्टल खुलता है लेकिन पिछले कई साल से गाइडलाइन जारी होने की वजह से देरी हो रही है। हालांकि बीमा करवाने की अंतिम तारीख 31 जुलाई ही है। कृषि विभाग के अनुसार परिस्थिति अनुसार केंद्र शासन स्तर से बीमा करवाने अतिरिक्त समय बढ़ाया जाता है। अधिसूचित फसलों के लिए प्रीमियम दर 2% निर्धारित की गई है। धान सिंचित के लिए 1200 रुपए, असिंचित के लिए 900 रुपए, अरहर के लिए 820 रुपए, उड़द, मूंग के लिए 500 रुपए तथा कोदो के लिए 360 रुपए प्रति हेक्टेयर प्रीमियम राशि जमा करना होगा। अऋणी किसान फसल का बीमा लोक सेवा केंद्र या संबंधित बैंक में पहुंचकर करवा सकते है। इस दौरान निर्धारित प्रारूप में आवेदन नवीनतम आधार वैद्य मोबाइल नंबर तथा अन्य जानकारी देनी होगी। जरूरी दस्तावेज कार्ड, फसल बुआई प्रमाण पत्र, स्वयं के बैंक खाता का फोटो कॉपी, बटाईदार,साझेदार किसानों के लिए फसल साक्षा,कास्तकार का घोषणा पत्र एवं भूमि स्वामित्व के दस्तावेज लेकर लोक सेवा केंद्र से बीमा करवा सकते है। खरीफ सीजन अधिसूचित फसलों में धान, उड़द, मूंग, मूंगफली, कोदो, कुटकी, मक्का, अरहर, रागी, सोयाबीन को शामिल किया गया है। पहले जिले के लिए अधिसूचित फसल श्रेणी में खरीफ सीजन के तहत धान सिंचित एवं असिंचित के अलावा पहले उड़द एवं मूंग को शामिल किया जाता था। पिछले कुछ साल से अन्य फसलों को भी शामिल किया जा रहा है। बैंक में अपना आधार कार्ड अपडेट करवा लें किसान कृषि विभाग के अफसरों ने जिले के किसानों से अपील किया है कि अपना आधार कार्ड खरीफ वर्ष 2025 के लिए बैंक में अपडेट करा लें। फसल बीमा पोर्टल पर बिना आधार प्रमाणीकरण के बीमा मान्य नहीं होगा। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के लिए भारत सरकार की टोल फ्री नंबर 14447 है। इसके अलावा स्थानीय स्तर पर पीएम बीमा योजना के संबंध में अधिक जानकारी के लिए कृषि अधिकारी, राजस्व अधिकारी, बैंक, सीएससी एवं एचडीएफसी क्षेत्रीय, जिला,ब्लॉक कार्यालय से संपर्क कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *