पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं जयंती पर पीएम नरेंद्र मोदी ने प्रदेश के खजुराहो से मुरैना जिले की 36 पंचायतों के लिए सिंगल क्लिक के माध्यम से 13 करोड़ 86 लाख 8 हजार रुपए की राशि स्थनांतरित की। यह राशि पंचायत भवनों के निर्माण के लिए पंचायतों के खातों में जमा की गई। इससे मुरैना जिले में पंचायत भवनों का विकास सुनिश्चित होगा, जिसका निर्माण वर्ष 2025 तक पूरा किया जाएगा। बता दें कि, कार्यक्रम के दौरान मुरैना-श्योपुर के सांसद शिवमंगल सिंह तोमर ने बड़ागांव नावली, नूराबाद और बसैया गांव में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लिया। उन्होंने विभिन्न स्थल पर शिला पट्टिकाओं का पूजन किया और प्रधानमंत्री का उद्बोधन जनप्रतिनिधियों और नागरिकों को सुनवाया। सांसद तोमर ने बताया कि मध्यप्रदेश पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग के सहयोग से मुरैना जिले की जौरा में 8, अंबाह में 6, कैलारस में 2, पहाड़गढ़ में 4, पोरसा में 4, मुरैना में 4 और सबलगढ़ जनपद की 4 पंचायतों में भवन बनेंगे। प्रत्येक भवन के निर्माण के लिए 46 लाख 52 हजार रुपए आवंटित किए गए हैं। आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे पंचायत भवन सांसद तोमर ने बताया कि प्रत्येक पंचायत भवन में जनप्रतिनिधि कक्ष, सभाकक्ष, प्रतीक्षा कक्ष, तकनीकी कक्ष और अभिलेख कक्ष जैसे आधुनिक सुविधाएं होंगी। नूराबाद, लल्लू बसई, नावली बड़ागांव और रामपहाड़ी में विशेष रूप से बड़े पंचायत भवन बनाए जाएंगे। इन भवनों से पंचायतों में कार्य कुशलता बढ़ेगी और नागरिकों को बेहतर सेवाएं मिलेंगी। इस दौरान पूर्व विधायक राकेश मावई, कार्यपालन यंत्री आरआर सुमन, जनपद सीईओ महावीर जाटव, विभिन्न सरपंच और जिले के नागरिकों की उपस्थिति रही। सभी ने प्रधानमंत्री की इस पहल की सराहना की और इसे ग्रामीण विकास के लिए अहम कदम बताया।


