गौतम नगर के करीम बख्श काॅलोनी में 30-31 जनवरी की दरम्यानी रात 1:30 बजे 12 वर्षीय इब्राहिम खान ने खुद की कनपटी पर अवैध पिस्टल से गोली मार ली थी। पुलिस को मिली पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आत्महत्या की पुष्टि हुई है। पुलिस ने मृतक इब्राहिम के पिता रिजवान खान के खिलाफ आर्म्स एक्ट और साक्ष्य मिटाने का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आर्म्स एक्ट में रिजवान के बहनोई वाहिद नूर को भी आरोपी बनाया है। डेढ़ साल पहले वाहिद ने लोडेड पिस्टल और एक खराब रिवॉल्वर थैले में लपेटकर रिजवान को यह कहते हुए दी थी कि बिलखिरिया थाने में दर्ज एक अपराध में जमानत मिलने के बाद वह उसे वापस ले लेगा। हिरण के शिकार मामले में रिजवान की इंदौर वन मंडल की एसटीएफ को वर्ष 2022 से तलाश थी। हिरण शिकार… वन मंडल इंदौर को रिजवान की तलाश थी
गौतम नगर थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ठाकुर के मुताबिक इब्राहिम तीसरी कक्षा में पढ़ता था। घटना वाले दिन परिजनों ने पुलिस को बताया था कि इब्राहिम सेकंड फ्लोर की बालकनी में खड़ा था, तभी उसे गोली लग गई थी। पुलिस ने घर का बारीकी निरीक्षण किया। परिजनों से पूछताछ की तो खुलासा हुआ कि घर में रिजवान के बहनोई वाहिद नूर की अवैध पिस्टल रखी हुई थी। घर की साफ-सफाई के दौरान वह इब्राहिम के हाथ लगी और उसने खुद को गोली मार ली थी। परिजनों ने कमरे में बिखरा खून साफ कर बालकनी को घटनास्थल दिखाया था। जांच में सामने आया कि रिजवान द्वारा घर में रखी गई अवैध लोड पिस्टल इब्राहिम से दुर्घटनावश चलने के कारण उसकी मृत्यु हुई। रिजवान को उक्त अवैध लोडेड पिस्टल एवं एक अन्य रिवॉल्वर उसके बहनोई वाहिद द्वारा रखने के लिए दी गई थी। इधर, रिजवान खान के खिलाफ भी थाना गौतम नगर में पिछले साल मारपीट का मामला दर्ज किया गया था। वन मंडल इंदौर को हिरण शिकार में वर्ष 2022 से रिजवान की तलाश थी। किशनगढ़ में उसके पास हिरण का मांस मिला था। इंदौर फोरेस्ट की टीम उसे रिमांड पर लेकर गई है। थाना बिलखिरिया… लूट और हत्या के मामले में वर्ष 2018 से फरार है वाहिद थाना बिलखिरिया में 18 अगस्त 2018 को एक मर्ग की जांच के बाद दर्ज किए गए लूट एवं हत्या के मामले में वाहिद नूर भी आरोपी है। उसने सीरियल किलर आदेश खामरा के साथ मिलकर डंपर चालक माखन सिंह की हत्या कर 11 टन लोहे से भरा डंपर लूट लिया था। माखन का शव 15 अगस्त 2018 को झागरिया पठार में मिला था। वह मंडीदीप से 11 टन लोहा डंपर में लेकर छोला दशहरा मैदान के लिए लेकर निकला था। वाहिद ने लूट के लोहे को ठिकाने लगाया था। पुलिस ने आदेश खामरा को गिरफ्तार किया था। उसने 9 साल में 34 हत्याएं कर ट्रक लूटे थे। माखन की हत्या में पहली बार आदेश खामरा का नाम सामने आया था। आदेश की 9 हाईवे गैंग में 38 साथी थे। इसमें वाहिद नूर भी शामिल है। वर्ष 2018 से बिलखिरिया पुलिस को वाहिद की तलाश है।


