झालावाड़ के पीएम श्री केंद्रीय स्कूल में शुक्रवार को वार्षिक खेल दिवस का आयोजन उत्साह और खेल भावना के साथ किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ रहे। उन्होंने खेल मशाल जलाकर वार्षिक खेल दिवस का शुभारंभ किया।
कलेक्टर राठौड़ ने विद्यार्थियों को खेलों के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं हैं, बल्कि ये जीवन में अनुशासन, धैर्य और टीम भावना सिखाने का सशक्त माध्यम भी हैं।
जिला कलेक्टर ने आज के डिजिटल युग में बच्चों को मोबाइल की लत से दूर रखने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों को केवल पढ़ाई तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें खेलकूद, योग और अन्य शारीरिक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करें, जिससे उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।
कार्यक्रम के दौरान छोटे और बड़े विद्यार्थियों के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें दौड़, रेडी टू स्कूल दौड़, रिले दौड़, 50, 80 और 100 मीटर दौड़ जैसी शारीरिक गतिविधियां शामिल थीं। मुख्य अतिथि ने स्वयं मौजूद रहकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने मार्शल आर्ट और योगा की संगीतबद्ध एवं अनुशासित प्रस्तुतियां भी दीं।
प्राचार्य वेदप्रकाश मीणा ने विद्यालय की वार्षिक उपलब्धियों की जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में, जिला एवं राज्य स्तर पर स्काउट-गाइड, कब-बुलबुल प्रशिक्षण और विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर मेडल प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को जिला कलेक्टर ने सम्मानित किया। साथ ही, शैक्षणिक गतिविधियों में मेरिट में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी पुरस्कार प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।


