जिला मुख्यालय स्थित पीएम श्री महाविद्यालय को आदर्श महाविद्यालय के रूप में विकसित करने की दिशा में ठोस पहल की जा रही है। विकास के पहले चरण में लगभग 7.41 करोड़ रुपये की लागत से एक अत्याधुनिक एवं सर्वसुविधायुक्त साइंस लैब का निर्माण किया जाएगा। विधायक अनिल जैन ने हाल ही में पीएम श्री महाविद्यालय का भ्रमण कर प्रस्तावित निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने महाविद्यालय के प्राचार्य नसीम खान को लैब निर्माण के लिए उपयुक्त स्थान का चयन कर योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने के निर्देश दिए। इस दौरान विधायक जैन ने प्रोफेसर राकेश कुमार से पहले चरण में होने वाले निर्माण कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने निर्माण एजेंसी से दूरभाष पर चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। विधायक अनिल जैन ने कहा कि जिला मुख्यालय के इस महाविद्यालय में किसी भी प्रकार की कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। पीएम श्री महाविद्यालय को एक आदर्श एवं सुविधायुक्त शिक्षण संस्थान के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि भविष्य में मध्यप्रदेश शासन के सहयोग से महाविद्यालय में सर्वसुविधायुक्त स्टेडियम का भी निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए खेल मैदान को अन्य निर्माण कार्यों से पृथक रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर खेल सुविधाएं मिल सकें। महाविद्यालय परिसर में गंदगी और कचरा देखकर विधायक ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य निर्माण की संस्था को साफ-सुथरा और अनुशासित होना चाहिए, जिससे छात्र स्वच्छता की प्रेरणा ले सकें। इस संबंध में उन्होंने प्राचार्य को परिसर की नियमित साफ-सफाई के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। एक अन्य जानकारी देते हुए विधायक अनिल जैन ने बताया कि पीएम श्री महाविद्यालय, निवाड़ी के 26 छात्र-छात्राओं को विधानसभा भ्रमण पर ले जाया जाएगा। यह पहल छात्रों के सर्वांगीण विकास में सहायक सिद्ध होगी। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को उनके अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी दी जाएगी, साथ ही विधानसभा की कार्यप्रणाली से भी अवगत कराया जाएगा। छात्रों के आने-जाने, ठहरने और भोजन की पूरी व्यवस्था की जाएगी, और प्राध्यापक भी उनके साथ रहेंगे। पीएम श्री महाविद्यालय निवाड़ी को 7.41 करोड़ की मिली प्रशासकीय स्वीकृति
विधायक अनिल जैन के द्वारा जिले के विकास के साथ-साथ महाविद्यालय में चार चांद लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिसके तहत जिले के प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस की अधोसंरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। जिसमें शिक्षा विभाग, मंत्रालय वल्लभ भवन भोपाल द्वारा जारी आदेश के अनुसार पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस निवाड़ी में निर्माण एवं विकास कार्यों के लिए प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। जिसके अंतर्गत पीएम श्री महाविद्यालय निवाड़ी के लिए 741.36 लाख रुपये (लगभग 7 करोड़ 41 लाख रुपये) की राशि स्वीकृत की गई है। प्रशासकीय स्वीकृति मिलने से पीएम श्री महाविद्यालय निवाड़ी में शैक्षणिक एवं भौतिक संसाधनों का विस्तार होगा। इस राशि से प्रयोगशालाओं के नए भवन को विकसित किया जाएगा।जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। यह पहल क्षेत्र में उच्च शिक्षा की गुणवत्ता को नई दिशा देने वाली साबित होगी।


