पीएम श्री विद्यालय तक जाने वाली जर्जर सड़क पर चलना मुश्किल

भास्कर न्यूज |गिरिडीह जिला मुख्यालय से महज 12 किलोमीटर की दूरी पर स्थित सदर प्रखंड के पिंडाटांड पंचायत अंतर्गत सुग्गासार गांव में संचालित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय तक पहुंचने वाली दोनों सड़कें बदहाल स्थिति में हैं। इन जर्जर सड़कों के कारण विद्यालय आने-जाने वाले करीब 500 छात्र, उनके अभिभावक और स्थानीय ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्कूल के करीब 40 शिक्षक और शिक्षकेतर कर्मचारी भी इसी जर्जर रोड से होकर गुजरते हैं। सुबह घने कुहासे के दौरान जर्जर सड़क से होकर गुजरना पड़ता है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और बारिश के दौरान कीचड़ जमा हो जाने से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। साइकिल और बाइक सवारों के लिए यह मार्ग बेहद खतरनाक हो गया है। बरसात के दिनों में कई बार बच्चे फिसलकर गिर चुके हैं, जिससे उन्हें चोटें आई हैं या स्कूल ड्रेस गंदा होने के कारण वे विद्यालय नहीं जा पाते हैं। विद्यालय की नई इमारत का उद्घाटन हुए करीब पांच वर्ष हो चुके हैं, लेकिन सड़क की स्थिति आज भी जस की तस बनी हुई है। अभिभावकों और स्थानीय निवासियों द्वारा स्थानीय प्रशासन और केंद्रीय विद्यालय संगठन से कई बार शिकायत की गई, परंतु अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं, ठोस कार्रवाई नहीं हुई। स्थानीय मुखिया पुष्पा देवी और पंचायत समिति सदस्य तेजस्वी देवी ने बताया कि विद्यालय के नए भवन के उद्घाटन के समय कोडरमा सांसद सह तत्कालीन केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी और तत्कालीन गांडेय विधायक डॉ. सरफराज अहमद ने सड़क निर्माण का आश्वासन दिया था। सांसद की पहल पर पचंबा-जमुआ रोड से रानीडीह मोड़ होते हुए बकोइया उसरी नदी पुल तक सड़क निर्माण कार्य शुरू हुआ, लेकिन संवेदक ने छह किलोमीटर में मात्र एक किलोमीटर पीसीसी सड़क बनाकर काम छोड़ दिया। तीन वर्ष बीत जाने के बावजूद सड़क जर्जर हालत में पड़ी है। कई बार संबंधित विभाग से शिकायत करने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों और अभिभावकों ने जल्द सड़क मरम्मत की मांग की है, ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। प्राचार्य प्रवीर कुमार साह ने कहा कि हाल ही मे उपायुक्त सह स्कूल समिति अध्यक्ष रामनिवास यादव ने स्कूल का दौरा करने के दौरान सड़क की दुर्दशा देख तत्काल संज्ञान लेते हुए जल्द रोड निर्माण का आश्वासन दिया है। निजी स्कूली वाहन चालकों द्वारा हाल ही मे आपस मे चंदा कर रोड पर बने बड़े बड़े गड्ढे भरने का कार्य किया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *