पीएम श्री सांकरिया-केकड़ी दल ने किया मॉडल स्कूल का दौरा:ट्विनिंग ऑफ स्कूल गतिविधि के तहत शैक्षणिक नवाचारों का अध्ययन

पीएम श्री स्कूल योजना के अंतर्गत ‘ट्विनिंग ऑफ स्कूल’ गतिविधि के तहत पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल सांकरिया और केकड़ी के दल ने शाहपुरा स्थित स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल का शैक्षणिक अवलोकन किया। मीडिया प्रभारी डॉ. परमेश्वर प्रसाद कुमावत ने बताया कि अवलोकन दल में पीएम श्री स्कूल सांकरिया के वरिष्ठ अध्यापक राजेश कुमार शर्मा, सुशील कुमार जैन, विनोद बैरवा, विनीता सरावगी शामिल थे। पीएम श्री केकड़ी से प्रधानाचार्य, स्टाफ और चयनित छात्राओं ने भी इसमें भाग लिया। दल ने स्कूल की विभिन्न शैक्षणिक और सह-शैक्षणिक गतिविधियों, नवाचारों, भौतिक संसाधनों, स्मार्ट कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय और खेल सुविधाओं का गहन अध्ययन किया। स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल शाहपुरा के प्रधानाचार्य ईश्वर लाल मीणा ने अवलोकन दल का स्वागत किया। उन्होंने स्कूल में संचालित श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों की जानकारी साझा की। दोनों विद्यालयों के बीच आपसी अनुभव विनिमय, बेहतर शिक्षण-अधिगम प्रक्रियाओं को अपनाने और भविष्य में सहयोगात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाने पर सहमति बनी। अवलोकन के दौरान छात्राओं ने प्रश्नोत्तर सत्र में सक्रिय भागीदारी की और विभिन्न शैक्षणिक नवाचारों को समझा। व्याख्याता राजेश कुमार धाकड़ ने डिजिटल बोर्ड को शिक्षा में एक क्रांतिकारी पहल बताया और स्कूल के संदर्भ में इसके महत्व पर प्रकाश डाला। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों के बीच सहयोग और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को सुदृढ़ करना था। स्कूल के आईपी व्याख्याता बुद्धि प्रकाश मीणा ने अवलोकनार्थ आई छात्राओं को अटल टिंकरिंग लैब में किए जा रहे नवाचारों के बारे में विस्तार से समझाया। अंत में, अवलोकन दल ने मेजबान स्कूल का धन्यवाद व्यक्त किया और इस पहल को शिक्षा की गुणवत्ता सुधार के लिए अत्यंत लाभकारी बताया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *