लुधियाना। पंजाब सरकार की खून और अंगदान को लेकर चल रही मुहिम के तहत पंजाब एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी में एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम साहिबजादा जोरावर सिंह, साहिबजादा फतेह सिंह और माता गुजरी जी की शहादत को समर्पित फतेहगढ़ साहिब में शुरू हो रहे शहीदी समागम से जुड़ा रहा। इस मौके पर यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर डॉ. सतबीर सिंह गोसल ने कहा कि खून और अंगदान के जरिए एक व्यक्ति कई जिंदगियां बचा सकता है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और संवेदनशील समाज की पहचान यही है कि लोग मानव सेवा के लिए आगे आएं। विशेष अतिथि डॉ. बिश्व मोहन ने कहा कि खूनदान से शरीर की कार्यप्रणाली बेहतर रहती है और यह सेहत के लिए लाभकारी है। डीन पोस्ट ग्रेजुएट स्टडीज डॉ. मानव इंदर सिंह गिल ने कहा कि दूसरों के काम आना ही सच्ची इंसानियत है। वक्ताओं ने युवाओं से गुरु साहिब की शिक्षाओं पर चलने और समाज सेवा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।


