पीएलएफआई के उग्रवादियों ने क्रशर संचालक से मांगी 20 लाख रुपए लेवी

पीएलएफआई के उग्रवादियों ने बुधवार की रात डुगडुगिया स्थित नितेश शारदा प्लांट में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग की। उग्रवादियों ने वहां मौजूद कर्मचारियों को एक पत्र थमाया, जिसमें क्रशर संचालक से 20 लाख रुपए की लेवी मांगी गई है। पत्र में कहा गया है कि लेवी नहीं देने पर गंभीर अंजाम भुगतने होंगे। यह पत्र पीएलएफआई के जोनल कमांडर राजेश यादव के नाम से जारी किया गया है। इस घटना से वहां भय का माहौल है। कर्मचारी इतने डरे हुए हैं कि गुरुवार को वहां कामकाज पूरी तरह से ठप रहा। सूचना मिलने पर गुरुवार सुबह एसडीपीओ वरुण रजक और थाना प्रभारी मोहन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने उस पत्र को जब्त कर लिया, जिसमें लेवी की मांग की गई है। एसडीपीओ ने बताया कि इस मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस अपने स्तर से छानबीन में जुट गई है। गौरतलब है कि इसी माह 21 दिसंबर को पीएलएफआई और भारतीय जनमुक्ति मोर्चा ने संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति जारी कर संगठन विस्तार की घोषणा की थी। सुप्रीमो दिनेश गोप की गिरफ्तारी और जिदन गुड़िया के मारे जाने के बाद अब एक बार फिर पीएलएफआई की सक्रियता बढ़ने से लोगों की चिंता बढ़ गई है। क्योंकि, कुछ महीनों से क्षेत्र में शांति थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *