पीएसईबी .12वीं में वोकेशनल स्ट्रीम की नई स्कीम जारी, कंप्यूटर साइंस अनिवार्य

भास्कर न्यूज | जालंधर पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड ने सत्र 2025-26 के लिए सीनियर सेकेंडरी (12वीं) वोकेशनल स्ट्रीम की स्कीम ऑफ स्टडीज जारी कर दी है। सभी विद्यार्थियों को 9 विषय पढ़ने होंगे। इनमें 6 विषय अनिवार्य होंगे और 3 विषय चुने गए ट्रेड के अनुसार होंगे। कंप्यूटर साइंस को अनिवार्य विषय बनाया गया है। इसका मूल्यांकन बोर्ड स्तर पर होगा और अंक पत्र में ग्रेड व अंक दोनों दर्शाए जाएंगे। बोर्ड की ओर से जारी पत्र में अनिवार्य विषयों में जनरल इंग्लिश, जनरल पंजाबी या पंजाब इतिहास और संस्कृति, पर्यावरण शिक्षा, कंप्यूटर साइंस, जनरल फाउंडेशन कोर्स और ऑन जॉब ट्रेनिंग शामिल हैं। पर्यावरण शिक्षा का मूल्यांकन स्कूल स्तर पर होगा। जनरल पंजाबी की जगह वे विद्यार्थी पंजाब इतिहास और संस्कृति ले सकते हैं जिन्होंने मैट्रिक में पंजाबी नहीं पढ़ी या पंजाब इतिहास और संस्कृति पढ़ा हो। ऑन जॉब ट्रेनिंग 21 दिन की होगी। यह हर साल नवंबर-दिसंबर में करवाई जाएगी। इसके लिए 30 अंक निर्धारित हैं। जनरल इंग्लिश और जनरल पंजाबी या पंजाब इतिहास और संस्कृति में 80 अंक थ्योरी और 20 अंक सीसीई के होंगे। पर्यावरण शिक्षा 40 अंक थ्योरी और 10 अंक सीसीई के साथ कुल 50 अंकों की होगी। कंप्यूटर साइंस में 50 अंक थ्योरी, 45 अंक प्रैक्टिकल और 5 अंक सीसीई के होंगे। जनरल फाउंडेशन कोर्स में 45 अंक थ्योरी और 5 अंक सीसीई के होंगे। हर ट्रेड में होंगे तीन विषय, 90 अंकों का होगा एक सब्जेक्ट हर विद्यार्थी को किसी एक ग्रुप से एक ट्रेड चुनना होगा। हर ट्रेड में तीन विषय होंगे। हर विषय 90 अंकों का होगा। इसमें 30 अंक थ्योरी, 50 अंक प्रैक्टिकल और 10 अंक आंतरिक मूल्यांकन के होंगे। पास होने के लिए थ्योरी और प्रैक्टिकल में अलग-अलग 33% अंक लाना जरूरी होगा। आंतरिक मूल्यांकन में न्यूनतम अंक जरूरी नहीं, लेकिन कुल मिलाकर 33 फीसदी अंक लाना अनिवार्य होगा। विद्यार्थी वोकेशनल स्ट्रीम के साथ अकादमिक स्ट्रीम का कोई भी विषय अतिरिक्त रूप में ले सकते हैं। अकादमिक विषयों में पंजाबी, हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू, संस्कृत, फ्रेंच, जर्मन, इतिहास, अर्थशास्त्र, गणित, राजनीति विज्ञान, लोक प्रशासन, धर्म, संगीत (वोकल), गुरमत संगीत, वाद्य संगीत, तबला, नृत्य, दर्शनशास्त्र, भूगोल, रक्षा अध्ययन, मनोविज्ञान, गृह विज्ञान, मॉडलिंग व स्कल्पचर, कमर्शियल आर्ट, ड्राइंग व पेंटिंग, आर्ट का इतिहास, शारीरिक शिक्षा, मीडिया स्टडीज, भौतिकी, रसायन, जीवविज्ञान, कंप्यूटर एप्लीकेशन, बिजनेस स्टडीज, अकाउंटेंसी, ई-बिजनेस, कृषि और एनसीसी शामिल हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *