हनुमानगढ़ महिला थाना पुलिस ने पीटा एक्ट के मामले में दो महिला स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया है। इन दोनों पर इनाम भी घोषित था। थाना प्रभारी रजनदीप कौर ने बताया कि ये दोनों महिलाएं 2015 में थाने में दर्ज हुए पीटा एक्ट के एक मामले में फरार चल रही थीं। इनकी गिरफ्तारी के लिए कोर्ट की ओर से स्थायी वारंट जारी किया गया था। पुलिस अधीक्षक की ओर से इन दोनों वारंटियों पर पांच-पांच हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। सोमवार को एएसआई सुखविंदर सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने इन वारंटियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। गिरफ्तार की गई महिलाओं में प्रिया रोशन (37) पत्नी खलील रहमान मूल निवासी चंदननगर, हुगली, पश्चिम बंगाल वर्तमान नोएडा, दिल्ली और रीना उर्फ काजल (45) पत्नी बृजेश निवासी अनोनी सोना, तहसील साहिदपुर, जिला गाजीपुर शामिल हैं। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में एएसआई सुखविंदर सिंह, हेड कॉन्स्टेबल राकेश कुमार और कॉन्स्टेबल द्रोपदी शामिल रहे। एएसआई सुखविंदर सिंह की इस कार्यवाही में विशेष भूमिका रही।


