एजुकेशन रिपोर्टर| बीकानेर पीटीआई भर्ती -2022 में नियुक्त शारीरिक शिक्षकों का दो वर्षीय प्रोबेशन काल पूरा होने के तीन महीने बाद भी वेतन नियमितीकरण के आदेश नहीं हुए हैं। इस कारण इन शारीरिक शिक्षकों को पूरा वेतन नहीं मिल रहा है। अधिकांश शारीरिक शिक्षकों का प्रोबेशन सितंबर में पूरा हो चुका है। वेतन नियमितीकरण में विलंब से आक्रोशित प्रदेश के शारीरिक शिक्षकों ने सोमवार को राजस्थान एकीकृत शारीरिक शिक्षक संघ के बैनर तले शिक्षा निदेशालय पर विरोध प्रदर्शन किया। संघ के प्रदेशाध्यक्ष डॉ.राम प्रकाश सांगवा के नेतृत्व में चयनित शारीरिक शिक्षकों ने निदेशालय का घेराव किया और शिक्षा निदेशक की अनुपस्थिति में स्टाफिंग ऑफिसर डॉ.अशोक शर्मा को ज्ञापन दिया। दरअसल, एसओजी जांच कार्य जारी रहने के कारण पीटीआई भर्ती – 2022 का वेतन नियमितीकरण आदेश ओर स्थायीकरण आदेश शासन स्तर पर रुका हुआ है। विभागीय अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि शासन स्तर से पीटीआई भर्ती 2022 के चयनित पीटीआई के वेतन नियमितीकरण आदेश जारी करने ओर स्थायीकरण आदेश जारी करने का अनुमोदन शासन स्तर से होने के बाद आदेश जारी किए गए। प्रतिनिधिमंडल में महबूब अली, मगाराम कसवां, रूपराम लुणु, मनोज शर्मा, रणजीत सियाग, भगत सिंह सारण, शिवलाल गोदारा, रेवंत राम जाखड़ ,ओम प्रकाश गोदारा,कृष्ण स्वामी बजरंग तरड़, पूजा लुणु, हेमंत मेघवाल संदीप कौर,मनदीप कौर आदि शामिल हुए।


