स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को सशक्त करने के उद्देश्य से शहर में तीसरी बार स्वदेशी जागरण मंच के तत्वावधान में स्वर्णिम भारतवर्ष फाउंडेशन द्वारा स्वदेशी मेला आयोजित किया जा रहा है। मेला मंगलवार से शुरू होगा और 4 जनवरी 2026 तक पीटीसी ग्राउंड में दोपहर 12 बजे से रात 10:30 बजे तक आमजन के लिए खुला रहेगा। मेले में 200 से अधिक स्वदेशी स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें देशभर के कारीगरों, लघु उद्यमियों और स्वदेशी उत्पाद निर्माताओं के उत्पाद उपलब्ध रहेंगे। सोमवार को स्वदेशी जागरण मंच के महाकौशल प्रांत संयोजक कपिल मलैया ने मेला टोली के साथ स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि स्वदेशी जागरण मंच द्वारा देशभर में अब तक 600 से अधिक स्वदेशी मेलों का सफल आयोजन किया जा चुका है। मेले में गगनचुंबी झूले, आकर्षक मनोरंजन के साधन और प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रम विशेष आकर्षण रहेंगे। साथ ही स्वावलंबी गांव की संकल्पना को दर्शाने वाला विशेष मॉडल भी तैयार किया जा रहा है। मेला संयोजक दीप्ति चंदेरिया ने बताया कि इस बार कुछ स्टॉल और झूले पहली बार सागर में देखने को मिलेंगे, जो दर्शकों के लिए नया अनुभव होंगे। प्रांत संयोजक नितिन पटैरिया एवं मीडिया प्रभारी अखिलेश समैया ने बताया कि मेले में प्रतिदिन स्वदेशी संवाद, प्रतियोगिताएं और विविध जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला संयोजक सौरभ रांधेलिया एवं विभाग प्रशिक्षक रविन्द्र ठाकुर ने कहा कि स्वदेशी मेला युवाओं को स्वावलंबन और उद्यमिता के लिए प्रेरित करेगा। निरीक्षण के दौरान पूर्व मंत्री नारायण प्रसाद कबीरपंथी, सरोज मलैया, विनय मलैया, प्रीति मलैया, अंजली जैन, आदित्य राज बड़ोन्या आदि उपस्थित थे।


