भास्कर न्यूज | अमृतसर पंजाब सरकार के आदेशानुसार राज्य सरकार के सलाहकार अनुराग कुंडू के निर्देशानुसार सिविल सर्जन डॉ. किरणदीप कौर द्वारा पीटी मीट के दौरान स्कूलों में विशेष जांच एवं मेडिकल कैंप लगाए गए। इन शिविरों में सामान्य बीमारियों की जांच के अलावा बच्चों के साथ-साथ उनके अभिभावकों की एनसीडी (गैर-संचारी रोग) की भी जांच की गई। इस संबंध में सिविल सर्जन डॉ. किरणदीप कौर ने बताया कि अमृतसर जिले में करीब 169 सीएचओ हैं। राज्य सरकार के सलाहकार अनुराग कुंडू के आदेशानुसार पंजाब में पहली बार इन सीएचओ द्वारा अमृतसर जिले के सभी स्कूलों में पीटी मीट के दौरान स्क्रीनिंग कैंप और मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया है। इन शिविरों में लगभग 6528 बच्चों और अभिभावकों की जांच की गई है। इन शिविरों में रक्तचाप, शुगर, कैंसर, मुख कैंसर एवं सामान्य बीमारियों की जांच की गई। इस अवसर पर जिला एमईआईओ अमरदीप सिंह व सभी सीएचओ मौजूद थे।


