सिटी पैलेस में चल रहे पीडीकेएफ आर्टिजंस कलेक्टिव के दूसरे दिन बड़ी संख्या में पर्यटकों, कला प्रेमियों और हस्तशिल्प को सराहने वालों का जमावड़ा देखने को मिला। इस आयोजन में देशभर के 12 राज्यों से 50 से अधिक विमेन आर्टिजंस और एंटरप्रेन्योर्स अपने अनूठे शिल्प का प्रदर्शन कर रही है। राजस्थान की उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने इस विशेष आयोजन का अवलोकन किया और वहां मौजूद महिला कारीगरों व उद्यमियों से संवाद किया। उन्होंने कहा- महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए ऐसे मंचों की जरूरत है, जहां वे अपनी कला को प्रदर्शित कर सकें और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें। यह आयोजन महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सराहनीय पहल है। इस दौरान पीडीकेएफ की जनरल सेक्रेटरी गौरवी कुमारी और महाराजा सवाई मानसिंह द्वितीय संग्रहालय की कार्यकारी ट्रस्टी, रमा दत्त भी उपस्थित रहीं। राजस्थान को मिलेगी पर्यटन को नई दिशा उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने राजस्थान को प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में बढ़ावा देने की बात करते हुए कहा कि “राजस्थान में वाइल्डलाइफ, महल, किले, वेडिंग डेस्टिनेशन, फिल्म शूटिंग स्थल और ग्रामीण पर्यटन जैसी कई संभावनाएं हैं। जरूरत है इसे सही तरीके से प्रचारित और ब्रांडेड करने की। राज्य सरकार और पर्यटन विभाग मिलकर इस दिशा में काम कर रहे हैं। इस एग्जीबिशन की संकल्पना जयपुर की गौरवी कुमारी ने की है और यह आकांक्षा मित्तल के सहयोग एवं सोनालिका ट्रैक्टर्स के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। इसमें हेरिटेज क्राफ्ट्स, कंटेम्पररी डिज़ाइन और सस्टेनेबल बिजनेस के विविध उत्पादों का प्रदर्शन किया जा रहा है। पीडीकेएफ आर्टिजंस कलेक्टिव को लेकर पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। यहां आ रहे लोग न केवल भारतीय कला और शिल्प का आनंद ले रहे हैं, बल्कि इन उत्पादों की खरीदारी भी कर रहे हैं। इस मेले का समापन 8 मार्च को होगा।


