जालोर के रानीवाड़ा में मीणा समाज के एक समारोह में पहुंचे कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने जमकर डांस किया। राजस्थानी गीत पीली लुगड़ी गाने पर कैबिनेट मंत्री ने महिलाओं के साथ हाथ उठाकर डांस किया, फिर अपना गमछा हवा में भी लहराया। उनके इस अनोखे अंदाज को समर्थकों ने मोबाइल कैमरे में कैद किया, जिसे अब सोशल मीडिया पर भी जमकर शेयर किया जा रहा है। दरअसल, रानीवाड़ा के रघुनाथ बिश्नोई मेमोरियल कॉलेज के खेल मैदान में रविवार को मीणा समाज के द्वारा शाम 5 बजे स्नेह मिलन समारोह का आयोजन किया गया था। जिसमें कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह के दौरान मंच के सामने समाज की महिलाओं के सामूहिक नृत्य का आयोजन किया गया। उन्हें देखकर खुद कैबिनेट मंत्री भी उनके बीच पहुंचे और गमछा लहराकर महिलाओं के साथ राजस्थानी गीत पर डांस करने लगे। करीब 2 मिनट तक डॉ. मीणा ने डांस किया, जिसके बाद समारोह से रवाना हो गए। इससे पूर्व डॉ. किरोड़ी लाल मीणा भीनमाल होते हुए रानीवाड़ा पहुंचे थे। इस दौरान समर्थकों और समाज के लोगों ने उनका स्वागत किया। समारोह करीब एक घंटे तक चला। हालांकि कैबिनेट मंत्री को डांस करते देखकर समर्थकों ने उनका वीडियो बनाया, जो सोशल मीडिया पर भी जमकर शेयर हो रहा है।


