भास्कर न्यूज | अमृतसर लोहारका रोड स्थित पुंज विहार इलाके में बेजुबान पशुओं के साथ क्रूरता का गंभीर मामला सामने आया है। इलाके में एक आवारा बैल और एक गाय की जहर देकर हत्या कर दी गई। बैल के मुंह, नाक, कान और प्राइवेट पार्ट से खून भी निकल रहा था, जिससे जहर दिए जाने की आशंका और बढ़ गई। मामले की जानकारी राष्ट्रीय गौ रक्षा महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रोहन मेहरा को जब स्थानीय निवासी प्रवीण शर्मा ने दी तो पुलिस को िशकायत की गई। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। गाय का मौके पर ही पोस्टमार्टम भी करवाया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद सारी स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। डॉ. रोहन मेहरा ने बताया कि उन्हें जब जानकारी मिली तो वह तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने सदर थाना प्रभारी किरणदीप सिंह और एसीपी नॉर्थ से इस संबंध में विस्तार से बातचीत की, जिसके बाद पुलिस ने जांच प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। साथ ही पशुपालन विभाग (एनिमल हसबेंडरी) के डिप्टी डायरेक्टर डॉ. नवराज को भी मामले से अवगत कराया गया। डॉ. रोहन मेहरा ने बताया कि प्रवीन शर्मा ने कहा था कि उनके घर के पास स्थित खेतों के मालिक ने कुछ दिन पहले यह कहकर धमकी दी थी कि उनकी गाय उसके खेतों को नुकसान पहुंचा रही है और वह इसका कोई हल निकालेगा। इसी आधार पर आशंका जताई जा रही है कि पशुओं को जानबूझकर जहर दिया गया है। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है। डॉ. मेहरा ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि बेजुबान जानवरों पर इस तरह का अत्याचार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हो सके। इस मौके पर संजीव शर्मा, डॉ. बब्बू सहित मोहल्ला निवासी भी मौजूद रहे। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर रोष है।


