गुना| नगर के पुराना बायपास रोड पर नाला निर्माण न होने के कारण क्षेत्रवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खाली प्लॉट में गंदा पानी भर जाने से बारिश के समय यह पानी सड़क के ऊपर से बहने लगता है, जिससे पूरी सड़क क्षतिग्रस्त हो रही है। बारिश के दौरान कई स्थानों पर सड़क के ऊपर से पानी बहकर निकलता है, जिससे गड्ढे बन गए हैं और आवागमन में भारी दिक्कत हो रही है। यह सड़क स्टेट हाईवे से जुड़ी हुई है, जिस पर से आरोन की ओर आने-जाने वाले भारी वाहनों के साथ-साथ रेलवे गोदाम और वेयरहाउस तक जाने वाले ट्रकों का लगातार आवागमन बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार विभाग इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। नाला निर्माण नहीं होने के कारण हर बारिश में स्थिति और भी खराब हो जाती है, पानी सड़क के ऊपर होकर निकलता है। जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। वहीं पक्की डामर रोड क्षतिग्रस्त हो जाती है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द नाला निर्माण कर सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि आमजन को राहत मिल सके और आवागमन सुरक्षित हो सके।


