सिटी रिपोर्टर | दुर्ग निगम क्षेत्र में चल रहे विकास और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बेहतर करने गुरुवार को महापौर अलका बाघमार ने गंज मंडी में चल रहे पेवर ब्लॉक निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पेवर ब्लॉक की गुणवत्ता, बिछाने की प्रक्रिया, लेबर की उपलब्धता और समतलीकरण की स्थिति की बारीकी से समीक्षा की। महापौर ने पाया कि निर्माण मानकों के अनुरूप नहीं किया जा रहा था। पेवर ब्लॉक की फिटिंग, लेवलिंग, उपयोग में आ रही सामग्री की गुणवत्ता और कार्य की गति सभी में गंभीर अनियमितताएं नजर आईं। कहीं पेवर ब्लॉक ठीक से दबाए नहीं गए थे तो कहीं रेत और बेस लेयर की मोटाई मानक से कम पाई गई। इसे देखकर महापौर ने अफसरों और ठेकेदार को फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर में घटिया और लापरवाह निर्माण कार्य, गुणवत्ताहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। महापौर ने मौके पर ही निर्देश दिया कि जहां-जहां मानक अनुसार काम नहीं हुआ है, वहां पूरा पेवर ब्लाक उखाड़कर दोबारा सही गुणवत्ता के साथ लगाया जाए। महापौर ने कहा कि निगम शहर के सौंदर्यीकरण और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने लगातार प्रयासरत है, ऐसे में ठेकेदारों को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी कि यदि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही दोहराई गई, तो ठेकेदार पर सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान अफसरों को महापौर ने निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जाए ताकि समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा हो सके।


