धौलपुर की पुरानी छावनी में लगभग दस वर्षों से चला आ रहा पेयजल संकट अब समाप्त हो गया है। सोमवार को इस क्षेत्र के हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचने लगा। यह उपलब्धि जलदाय विभाग के निरंतर प्रयासों से संभव हुई है। जलदाय विभाग ने क्षेत्र में नई पाइपलाइन बिछाई और आधुनिक मोटर पंप स्थापित कर नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की है। इस स्थायी समाधान से ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों में संतोष देखा जा रहा है। इस परियोजना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले जलदाय विभाग के सहायक अभियंता कृष्णकांत और कनिष्ठ अभियंता कृष्णकांत उपाध्याय (जेईएन) को ग्रामीणों ने सम्मानित किया। ग्रामीणों ने माल्यार्पण कर, साफा-सोल ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन नवल किशोर पालीवाल ने किया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर से मांग की कि इन अधिकारियों को आगामी गणतंत्र दिवस समारोह में सम्मानित किया जाए, ताकि अन्य अधिकारी भी जनहित के कार्यों के लिए प्रेरित हों। इस कार्यक्रम में रामजीवन, रमेश यादव, राधेश्याम शर्मा, रामेश्वर भगत, महावीर, रामदास, देवीसिंह, नेकराम लहरी, सुनील जगरिया, प्रकाश, विजय सिंह, मुन्नालाल, मोहन सिंह सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने इस पेयजल परियोजना को अपने लिए ‘जीवन की धारा’ बताया।


