पुरानी रंजिश के चलते युवक पर गोली चलाने वाले दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज , फरार

भास्कर न्यूज | जालंधर जंडियाला मंजकी में पुरानी रंजिश के चलते युवक पर जानलेवा हमला कर फायरिंग करने वाले दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने हत्या के प्रयास व आर्म्स एक्ट सहित कई धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों की पहचान जंडियाला निवासी मनजीत सिंह और अमनदीप थापर उर्फ बिल्ला के रूप में हुई है। डीएसपी कैंट बबनदीप सिंह ने बताया कि सोमवार की शाम को जंडियाला मंजकी में फायरिंग की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर थाना सदर के एसएचओ सहित जंडियाला चौकी की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया कि फायरिंग में घायल विवेक मट्टू और दोनों आरोपियों के बीच पुराना विवाद चलता आ रहा है। दोनों के खिलाफ पहले से लड़ाई का केस दर्ज है। इसी को लेकर सोमवार को दोनों में बहस के बाद विवाद खूनी झड़प में बदल गया और आरोपियों ने पिस्टल से फायरिंग कर दी। इससे एक गोली पीड़ित विवेक के घुटने के पास जा लगी। एसीपी ने बताया कि बाकी मौके पर कितने राउंड पायर हुए है, इसको लेकर जांच की जा रही है। गोली चलने के बाद घायल को इलाज के लिए सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। पीड़ित विवेक मट्टू के बयान दर्ज कर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले में नामजद दोनों आरोपियों को पकड़ने के लिए विशेष टीमें गठित कर रेड की जा रही है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जंडियाला चौकी के इंचार्ज जसवीर चंद ने बताया कि जिस पिस्टल से फायर हुए है, वह अवैध बताया जा रहा है। इसको लेकर भी जांच की जा रही है। पुलिस को दिए बयान में पीड़ित विवेक मट्टू ने बताया कि वह जंडियाला मंजकी का रहने वाला है। सोमवार को उसकी 2 साल की बेटी पड़ोस में रहने वाले कश्मीर सिंह के घर में खेलने के लिए गई थी। शाम 4 बजे के करीब वह उसे लेने के लिए चला गया। इतने में आरोपी मनजीत सिंह और अमनदीप थापर उर्फ बिल्ला वहां आ गए और बहस करने लगे। इस दौरान आरोपी मनजीत ने कहा कि तूं गांव में मुझे अमली कहता है। फिर आरोपी बिल्ला कहता कि तूने गांव में कहा कि अमनदीप की आंख पर चोट मारकर उसे कंडम कर दिया है। इतने में आरोपी मनजीत ने अपनी डब्ब से पिस्टल निकाल कर बिल्ला को दे दी और कहा कि आज इसका काम खत्म कर दे। इतने में गोली से बचने के लिए पीड़ित विवेक भागने लगा तो आरोपी ने फायर कर दिया, जो उसके घुटने के पास जा लगा। इसके बाद कश्मीर सिंह ने शोर मचाया तो दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *