शहर के आनंद विहार जयपुर-कोटा बाईपास निवासी एक युवती ने जमीन विवाद को लेकर बुधवार को एक युवक पर रास्ता रोककर जान से मारने की धमकी देने और अभद्रता करने की रिपोर्ट कोतवाली में दी है। पीड़िता ने बताया कि वह कोर्ट गई थी। दोपहर करीब 3 बजे घर लौट रही थी। कोर्ट परिसर में आरोपी अचानक मेहंदवास थाना क्षेत्र के अलीपुरा निवासी देवराज आया और रास्ता रोक कर जान से मारने की धमकी दी। फिर मै अपनी जान बचाकर पास के सरकारी ऑफिस में भाग गई। वहां दो-तीन स्टाफ और गार्ड भी थे। उनको पूरी बात बताई। फिर मैंने पुलिस कंट्रोल रूम पर कॉल कर पुलिस बुलाई। तब जाकर वह गया। कोतवाल भंवर लाल वैष्णव ने बताया कि दोनों पक्ष के जमीन विवाद को लेकर पुरानी रंजिश चल रही है। कोर्ट में भी मामला चल रहा है। संभवत इसे लेकर दोनों का आमना सामना कोर्ट में हो गया होगा। युवती ने जो रिपोर्ट दी है उसकी जांच कर कार्रवाई की जाएगी। उधर देवराज गुर्जर ने बताया कि युवती के आरोप बेबुनियाद है। लेनदेन का मामला है। उससे बचने के लिए इस तरह के आरोप लगाती है।


