बारां जिले के सदर थाना क्षेत्र के बड़ा गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर फायरिंग की गई। इस घटना में नवीन पांचाल (24) गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सदर थाना एएसआई लक्ष्मीचंद के अनुसार, हाउसिंग बोर्ड निवासी नवीन पांचाल (पुत्र अर्जुन पांचाल) रविवार रात को अपने दोस्त राहुल के साथ बड़ा बालाजी गए थे। इसी दौरान राहुल के मोबाइल पर कुलदीप उर्फ कपिल का फोन आया, जिसने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। कुछ ही देर बाद कपिल अपने चार-पांच साथियों के साथ मौके पर पहुंचा। आरोपियों ने नवीन और राहुल के साथ गाली-गलौज की। जब नवीन ने इसका विरोध किया, तो आरोपी कपिल ने उन पर फायरिंग कर दी, जिससे नवीन घायल हो गए। घायल नवीन को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और नवीन के पर्चा बयान के आधार पर मामला दर्ज किया। पुलिस अब आरोपियों की तलाश कर रही है।


