पुरानी रंजिश में किसान को मारी गोली:मंडी से कृषि जिंस बेचकर लौट रहा था पीड़ित, इलाज के लिए कोटा किया रेफर

कृषि उपजमंडी से धान बेचकर घर जा रहे किसान पर पुरानी रंजिश को लेकर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। गोली लगने के कारण किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन घायल को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां से गंभीर अवस्था में किसान को कोटा रेफर कर दिया। घटना बारां के कोतवाली थानाक्षेत्र के तलावड़ा और मोठपुर गांव के निकट मंगलवार शाम को हुई। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल से घटना की जानकारी ली। साथ ही एसपी राजकुमार चौधरी व एएसपी राजेश चौधरी भी अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। घायल किसान ने बताया कि वह कृषि उपजमंडी बारां से धान बेचकर शाम को वापस लौट रहा था। नेशनल हाईवे 27 पर चढ़ते ही बदमाश बाइक के पीछे लग गए। इस दौरान उन्होंने कई बार बाइक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं रुके। इस दौरान बद‌माशों ने उस पर तीन फायर किए। जिसमें एक फायर उसके लग गया। बदमाश पहले से ही एक पंचर की दुकान पर खड़े थे। किसान ने बताया कि पिछले दिनों उसके बेटे से बदमाशों का झगड़ा हो गया था। जिसकी रिपोर्ट थाने में दी थी, लेकिन इसके बाद भी पुलिस ने बदमाशों को नहीं पकड़ा। जिसके चलते मंगलवार को यह घटना हो गई। भैंस घुसने की बात को लेकर हुआ था झगड़ा
पुलिस के अनुसार बदमाश युवक और घायल कोतवाली थाना क्षेत्र के मोठपुर गांव के ही निवासी हैं। पिछले दिनों दोनों पक्षों के बीच जमीन पर भैंस घुसने को लेकर विवाद भी हुआ था। इसमें बदमाशों का घायल के बेटे से विवाद हुआ था। इसके बाद एक पक्ष द्वारा रिपोर्ट दी गई थी। इसके बाद अब मंगलवार को बदमाशों ने किसान पर फायरिंग कर दी। घटना तलावड़ा और मोठपुर गांव के बीच हुई थी। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। संदिग्धों की तलाश में जुटी पुलिस
​​​​​​​पुलिस के अनुसार फायरिंग की घटना में कोतवाली थाना क्षेत्र के मोठपुर गांव निवासी गनराज पुत्र जमनालाल अहीर घायल हुआ है। घायल ने प्रांरभिक बयान में बताया कि उस पर मोठपुर गांव निवासी कुछ बदमाशों ने फायरिंग की है। इसके आधार पर पुलिस जांच में जुटी हुई है। फिलहाल घायल के पर्चा बयान नहीं हो सके है। घायल को कोटा रेफर किया गया है। कोतवाली सीआई वासुदेव चारण ने बताया कि फायरिंग की घटना को लेकर जांच की जा रही है। घायल द्वारा दी गई जान‌कारी के आधार पर संदिग्धों की तलाश की जा रही है। आरोपियों के संदिग्ध ठिकानों पर पुलिस द्वारा दबिश दी जा रही है। एएसपी राजेश चौधरी ने बताया कि मोठपुर गांव में फायरिंग की घटना हुई है। फायरिंग में घायल के कूल्हे पर गोली लगी है। घायल की हालत खतरे से बाहर है। फिलहाल घायल गनराज को कोटा रेफर किया है। दोनों पक्ष मोठपुर गांव के ही रहने वाले है। करीब 10-15 दिन पहले भी दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ था। संदिग्धों की तलाश की जा रही है। कोतवाली के अलावा किशनगंज थाना और डीएसटी टीम को भी संदिग्धों की तलाश में लगाया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *