पुराने सिक्कों के बदले करोड़पति बनने का लालच देकर 11 हजार की ठगी की

भास्कर न्यूज | दुमका साइबर अपराधियों ने पुराने सिक्कों के बदले करोड़पति बनने का लालच देकर आस्ताजोड़ा गांव के राजेश पुजहर से 11 हजार रुपए ठग लिए। राजेश ने बताया कि फेसबुक पर पुराने दो रुपये के सिक्के और पांच रुपए के नोट के बदले 6.80 लाख रुपये मिलने की बात लिखी थी। पोस्ट में एक मोबाइल नंबर दिया गया था। राजेश ने उस नंबर पर कॉल किया। साइबर ठगों ने सिक्के और नोट की जानकारी मांगी। फिर 1150 रुपये पंजीकरण शुल्क के रूप में मुंबई स्थित ओल्ड कॉइन शॉप के खाते में जमा करने को कहा। विश्वास दिलाने के लिए आधार कार्ड, पैन कार्ड और राज ज्ञानी नाम के व्यक्ति का पहचान पत्र भी भेजा। ठगों ने कहा कि पैसों की गड्डी पैक कर मुंबई एयरपोर्ट से देवघर और फिर उनके घर तक डिलीवरी की जाएगी। अगले दिन सुबह फोन आया। ठगों ने कहा कि आयकर विभाग ने देवघर एयरपोर्ट पर पार्सल जब्त कर लिया है। इसे छुड़ाने के लिए 10 हजार रुपये भेजने होंगे, वरना पार्सल मुंबई लौट जाएगा। राजेश ने झांसे में आकर पत्नी के गहने और घर के बर्तन गिरवी रखकर 9600 रुपये जुटाए और भेज दिए। इसके बाद फिर फोन आया। ठगों ने कहा कि पैसे भेजने में देर हो गई, इसलिए 11 हजार रुपये विलंब शुल्क देना होगा। राजेश ने असमर्थता जताई तो एक अन्य व्यक्ति विकास कुमार वर्मा ने खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर धमकाया। कहा कि ऑर्डर रद्द करने पर पुलिस घर पहुंचेगी और नौ महीने जेल में रहना होगा। डराने के लिए पुलिस की मारपीट का वीडियो भी भेजा। डर के कारण राजेश ने यह बात ग्रामीणों को बताई। ग्रामीणों ने समझाया कि वह साइबर ठगी का शिकार हो चुका है। इसके बाद राजेश ने साइबर टोल फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज कराई। बदियाकोला का युवक भी हुआ ठगी का शिकार गोलबंधा पंचायत के बदियाकोला गांव के पंचानन राय से भी इसी तरह 750 रुपये ठग लिए गए। 13 हजार रुपये नहीं देने पर सीबीआई भेजने की धमकी दी गई। उसने समाजसेवी डोमन सिंह को जानकारी दी। डोमन ने उसे और पैसे गंवाने से बचा लिया। दोनों युवकों ने लोगों से अपील की कि ऐसे लालच में न आएं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *