भास्कर न्यूज | अलवर शहर के पार्क थाने में पुलिसकर्मी और उसके लेक्चरर साथी के खिलाफ दो युवकों से मारपीट कर नकदी व चांदी की चेन छीनने का मामला इस्तगासे के जरिए दर्ज हुआ है।पुलिस के अनुसार गुणसार बीबीरानी निवासी सोनपाल उर्फ सोनू पुत्र अभय सिंह यादव ने रिपोर्ट में बताया कि 16 जनवरी शाम करीब 7 बजे वह अपने साथी हरकेश पुत्र हंसराज के साथ टेल्को सर्किल स्थित एक होटल के पास चाय पी रहा था। इसी दौरान डिफेंस कॉलोनी निवासी क्यूआरटी जवान अशोक यादव, पॉलिटेक्निक कॉलेज के लेक्चरर दीपक यादव सहित चार लोग वहां पहुंचे। सभी ने शराब पी रखी थी और अशोक यादव के हाथ में बेसबॉल बैट था। बालों को लेकर टिप्पणी करने के बाद गाली-गलौज शुरू हुई और विरोध करने पर दोनों से मारपीट की गई। बीच-बचाव में आए हरकेश को भी पीटा गया, जिससे वह बेहोश होकर गिर पड़ा। सोनपाल का बायां हाथ फ्रैक्चर हो गया। आरोप है कि हमलावर 2800 रुपए नकद व चांदी की चेन लेकर चले गए और शिकायत करने पर झूठे आर्म्स एक्ट में फंसाने की धमकी दी। पीड़ित का कहना है कि पहले शिवाजी पार्क थाने में रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई, जिसके बाद अदालत में इस्तगासा पेश किया गया। वहीं, आरोपी अशोक यादव ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि वह पत्नी के साथ टहल रहा था। सोनपाल को खुले में शौच करते देख टोका, जिस पर उसने झगड़ा कर मारपीट की।


