जांजगीर-चांपा जिले की शिवरीनारायण पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में एक पुलिस आरक्षक और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। उनके पास से लगभग 7 लाख 85 हजार रुपये मूल्य का 15 किलो 700 ग्राम अवैध गांजा जब्त किया गया है। थाना प्रभारी राजीव श्रीवास्तव ने बताया कि शिवरीनारायण पुलिस नशे के अवैध कारोबार पर लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक इक्को कार (क्रमांक 06HE 2340) में दो लोग गांजा तस्करी के लिए ला रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नाकाबंदी कर वाहनों की सघन जांच शुरू की। कार की तलाशी में मिला 15 किलो गांजा जांच के दौरान, पुलिस ने संदिग्ध इको कार को रोका और उसकी तलाशी ली। कार से एक थैले में रखे 15 पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 15 किलो 700 ग्राम था। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 7 लाख 85 हजार रुपये बताई गई है। गिरफ्तार किए गए पुलिस आरक्षक की पहचान चंद्रशेखर साहू (37 वर्ष) के रूप में हुई है, जो रक्षित केंद्र महासमुंद में पदस्थ है। पुलिस ने आरोपी आरक्षक चंद्रशेखर साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन और 5 लाख रुपये कीमत की इको कार भी जब्त की गई है। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं, 17 साल 6 माह के नाबालिग बालक को किशोर न्यायालय में पेश कर कोरबा स्थित बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।


