डीडी नगर इलाके में पकड़े गए एक गांजा तस्कर को पुलिस कार्रवाई से बचाने का झांसा देकर महिला से 2 लाख रुपए वसूलने का मामला सामने आया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शिवा नेताम गांजा तस्करी करता है। डीडी नगर पुलिस ने उसे तस्करी के मामले में मंगलवार सुबह गिरफ्तार किया। शाम को उसकी मां रेणुका नेताम से कथित मीडियाकर्मी आकाश तिवारी ने संपर्क किया। उसने झांसा दिया कि शिवा को बचाना चाहते हो तो 2 लाख रुपए दो। वह पुलिस से मामला सेट कर शिवा को बचा देगा। पैसे नहीं मिलने पर शिवा जेल जाएगा। इस तरह आकाश रेणुका को ब्लैकमेल करने लगे। तब रेणुका ने जेवर बेचकर और कर्ज लेकर पैसा इकट्ठा किया। आकाश ने महिला को पैसा लेकर पुरानी बस्ती थाना बुलाया। रेणुका जब वहां पहुंची तो थाना के बाहर आकाश अपने एक साथी के साथ खड़ा हुआ था। रेणुका ने थाना के बाहर ही आकाश को पैसा दिया और दोनों वहां से चले गए। पुलिस ने इस मामले में आकाश तिवारी और अनुराग शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं इस मामले में रिंकू पांडेय फरार है, जिसकी तलाश जारी है। जबकि पुलिस मोनू देवांगन की भूमिका की जांच कर रही है। चर्चा है कि पैसा लेने के लिए आकाश के साथ मोनू गया था, लेकिन एक पुलिस अधिकारी का रिश्तेदार होने की वजह से उसे गिरफ्तार नहीं किया गया है। प्रॉपर्टी डीलिंग का पैसा बताकर छोड़ा घर अनुराग शर्मा के परिजनों ने बताया कि सोमवार रात आकाश तिवारी और मोनू दोनों उसके घर आए और दो लाख रुपए छोड़कर चले गए। आकाश ने अनुराग से कहा कि यह एक प्रॉपर्टी का पैसा है, जो उसे मिला है। वह बाद में पैसा ले जाएगा। रात 11 बजे आकाश ने पैसे के लिए फोन किया। तब तक अनुराग सो गया था। परिजनों का दावा है कि अनुराग को जानकारी नहीं थी कि यह पैसा वसूली का है। उसे यह पैसा आकाश और मोनू ने दिया है।


