शहर में शनिवार रात लोहारा पुल के पास एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और कार सवार बदमाशों के बीच आमना-सामना हो गया। खुद को घिरा देखकर बदमाशों ने फायरिंग की, जवाब में एएनटीएफ ने भी गोलियां चलाईं। मुठभेड़ में एक आरोपी तरनप्रीत सिंह निवासी लोहारा की कमर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके तीन साथियों को पुलिस ने दबोच लिया। एएनटीएफ ने इनपुट के आधार पर लोहारा पुल के पास घेराबंदी की थी। जैसे ही रात करीब 9:30 बजे संदिग्ध कार वहां पहुंची, पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान कार सवार युवकों ने अचानक फायरिंग कर भागने की कोशिश की। डॉक्टरों के मुताबिक घायल युवक ने अस्पताल से निकलने का प्रयास किया, लेकिन मौजूद स्टाफ और पुलिस कर्मियों ने उसे पकड़ लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने दावा किया कि उसे कार में रखे सामान की जानकारी नहीं थी और वह केवल दोस्त के कहने पर साथ गया था। एएनटीएफ से डीएसपी नरेश कुमार ने कहा, पुलिस ने खुद के बचाव के लिए और आरोपी पकड़ने को गोली चलाई है।


