पुलिस का एक्शन देखने के लिए ब्लास्ट की धमकी दी:कॉल कर बोला- जयपुर जंक्शन, वैशाली नगर में बम धमाके होंगे; होटल का वेटर गिरफ्तार

जयपुर रेलवे स्टेशन, वैशाली नगर और सांगानेर के आनंद विहार में बम ब्लास्ट की धमकी देने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी एक होटल में वेटर है। उसने पुलिस की कार्रवाई देखने के लिए शराब के नशे में कंट्रोल रूम में कॉल कर धमकी दी थी। आरोपी ने कॉल कर कहा था कि सांगानेर के आनंद विहार में बम फटेगा, उसके बाद जयपुर जंक्शन और वैशाली नगर में बम ब्लास्ट होगा। SHO (सांगानेर) लिखमाराम ने बताया- बम ब्लास्ट की धमकी देने के मामले में आरोपी रवि मीणा (28) निवासी बलोनी, सपोटरा (करौली) को अरेस्ट किया है। उसने बेचलर ऑफ आर्ट्स डिग्री कर रखी है। पहले गुजरात में टाइल लगाने का काम करता था। इसके बाद सांगानेर के आनंद विहार स्थित होटल रघुकुल में वेटर का काम करने लग गया। पुलिस कंट्रोल रूम को कॉल कर दी धमकी
SHO ने बताया- शनिवार-रविवार की रात करीब 3:17 बजे जयपुर पुलिस कंट्रोल रूम को युवक ने कॉल किया। कॉल कर धमकी दी कि सांगानेर स्थित आनंद विहार में बम ब्लास्ट होगा। उसके बाद जयपुर जंक्शन और वैशाली नगर जयपुर में भी बम ब्लास्ट होगा। धमकी भरे कॉल के बाद पुलिस ने सांगानेर के आनंद विहार स्थित भीड़भाड़ वाली जगहों को खाली करवाया। पुलिस ने मोबाइल नंबर के आधार पर धमकी देने वाले को ट्रेस करना शुरू किया। पुलिस टीमों ने सर्च के साथ ही ट्रेस कर धमकी देने वाले वेटर रवि मीणा को रविवार शाम 5 बजे सांगानेर के आनंद विहार स्थित रघुकुल होटल से धर-दबोचा। भागने की कोशिश की
लिखमाराम ने बताया- मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम होटल रघुकुल में पहुंची। मोबाइल नंबर के आधार पर होटल वेटर रवि मीणा की पहचान भी हो गई। पुलिस टीम को देखकर रवि मीणा ने होटल के पिछले गेट से भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने पीछा कर होटल से महज 100 मीटर दूर रवि मीणा को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया- आधी रात शराब के नशे में उसने पुलिस कंट्रोल रूम को बम ब्लास्ट की धमकी दी थी। वह देखना चाहता था कि धमकी देने पर पुलिस उन स्थानों पर क्या कार्रवाई करती है। इससे लोगों पर क्या प्रभाव पड़ता है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल मोबाइल को भी जब्त किया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *