छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अपराध की घटनाओं पर नजर रखने और आरोपियों की पहचान के लिए रायगढ़ पुलिस ने CCTV कैमरा लगाने का अभियान शुरू किया है। अभियान के पहले दो दिनों में शहर के विभिन्न हिस्सों में कुल 7 CCTV कैमरे लगाए जा चुके हैं। पुलिस ने जुलाई माह से इस अभियान की शुरुआत करते हुए व्यापारियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने मकान या दुकान में लगे कम से कम एक कैमरे का रुख सड़क की ओर करें, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर नज़र रखी जा सके और अपराधों की रोकथाम में मदद मिले। इस जनजागरूकता अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं, और इसी का नतीजा है कि अब लोग इस अभियान से जुड़ते जा रहे हैं। दो दिनों के भीतर लगाए गए कैमरों में 4 कैमरे रामनिवास टाकीज चौक, 2 कैमरे सरला विला रोड, और 1 कैमरा चक्रधर नगर चौक के पास एक ज्वेलर्स दुकान के सामने सड़क की ओर फोकस किया गया है। अगस्त में होगा सम्मान
बताया जा रहा है कि पुलिस का यह अभियान पूरे एक माह तक चलेगा और इसमें लगातार व्यवसायियों से संपर्क कर उन्हें जागरूक किया जाएगा। ताकि शहर की अधिकांश सड़क CCTV कैमरे की निगरानी में हो। इसके बाद सुरक्षा जागरूकता अभियान से जुड़ने वाले सभी लोगों को पुलिस द्वारा अगस्त माह के पहले सप्ताह में सम्मानित किया जाएगा। अपराध रोकने में मिलेगी मदद
DSP सुशान्तो बनर्जी ने बताया कि पुलिस का यह अभियान लगातार चलेगा और यह हर किसी को एक कैमरे का फोकस सड़कों पर करना चाहिए। इससे अपराध रोकने में मदद मिलेगी। DSP ने शहरवासियों से अपील की है कि अधिक से अधिक लोग इस अभियान से जुड़े।


