पुलिस की प्लानिंग:रात 12:30 के बाद न्यू ईयर पार्टी पर रहेगा पुलिस का पहरा, 1500 जवान रखेंगे नजर

नए साल के जश्न को लेकर पुलिस ने सख्त इंतजाम किए हैं। 31 की रात शहर में रात 12:30 बजे के बाद किसी भी तरह का जश्न, डीजे या तेज आवाज में संगीत की अनुमति नहीं होगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। शराब पीकर वाहन चलाने या हुड़दंग करने वालों की नए साल की शुरुआत थाने की हवालात से होगी। इसके लिए पुलिस ने शहर के 75 स्थानों पर चेकिंग पाइंट बनाए हैं, जहां ब्रीथ एनालाइजर से वाहन चालकों की जांच की जाएगी। सोमवार से इस अभियान की शुरुआत कर भी दी गई। पुलिस कमिश्नर हरिनारायणचारी मिश्रा ने बताया कि नए साल के जश्न में खलल न पड़े, इसलिए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। 31 की रात नशे में पकड़े जाने पर वाहन जब्ती, लाइसेंस निरस्तीकरण और केस दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी। शांति भंग करने या नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए करीब 1500 पुलिसकर्मी सड़कों पर तैनात रहेंगे। प्रमुख चौराहों, होटल-ढाबों, क्लबों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त बल लगाया गया है। सड़कों पर चेकिंग शुरू… पीकर निकले तो सीधे हवालात पहुंचेंगे पुलिस ने नए साल के जश्न के आयोजन की अनुमति लेने वाले आयोजकों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं। निर्देशों के मुताबिक आयोजन स्थल पर शोर-शराबे और समय सीमा का सख्ती से पालन करना होगा। अवैध शराब परोसने और नाबालिगों को शराब देने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। आयोजन स्थल पर पार्किंग की उचित व्यवस्था और यातायात बाधित न होने देने की जिम्मेदारी आयोजक की होगी। किसी भी तरह का हुड़दंग, झगड़ा या अश्लीलता पाए जाने पर आयोजन की अनुमति रद्द की जा सकती है। पुराने गुंडे-बदमाशों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, भराए जा रहे बॉन्ड
नए साल के जश्न को शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए पुलिस ने पहली बार पुराने गुंडे-बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई शुरू की है। शहर और देहात क्षेत्र में थानों में बॉन्ड भरवाए जा रहे हैं, ताकि किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि और हुड़दंग पर पहले ही लगाम लगाई जा सके। पुलिस पुराने अपराधियों, हिस्ट्रीशीटर और शांति भंग करने की आशंका वाले लोगों को थानों बुलाकर उनसे अच्छे आचरण के बॉन्ड भरवा रही है और चेतावनी दे रही है कि नियम तोड़ने पर तत्काल गिरफ्तारी होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *